Animal smugglers shot and injured brothers in Shaheedabad
- फोटो : KAUSHAMBI
शहीदाबाद में पशु तस्करों ने भाइयों को मारी गोली, घायल
मुखबिरी के शक पर किया जानलेवा हमला नगर कोतवाली इलाके की घटना, 21 पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए शुक्त्रस्वार रात नगर कोतवाली इलाके के शहीदाबाद गांव में बेखौफ पशु तस्करों ने सगे भाइयों को गोली मार दी। हमलावरों ने मुखबिरी के शक पर जानलेवा हमला किया। इन्होंने पीड़ित परिवार की महिलाओं से भी अभद्रता की। गोली लगने से घायल एक युवक को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। मामले में 21 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इनकी तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
शहीदाबाद (नारा) निवासी मुस्लिम व पप्पू भाई हैं। दोनों मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं। मुस्लिम के मुताबिक पांच जुलाई को पुलिस ने दबिश देकर गांव के ही गुड्डू पुत्र मुनउव्वर व दिलीप पुत्र फतेह मोहम्मद को प्रतिबंधित मांस संग पकड़ा था। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इनके परिजनों तथा रिश्तेदारों को शक है कि गिरफ्तारी मुस्लिम ने ही मुखबिरी करके कराई थी। मुस्लिम का कहना है कि आरोपियों के परिजन व रिश्तेदार भी पशु तस्करी का ही धंधा करते हैं। शुक्त्रस्वार रात मुस्लिम और भाई पप्पू डेहरी पर चारपाई पर सो रहे थे। इसी बीच लाठी-डंडे, असलहों से लैश होकर आरोपियों के परिजन, रिश्तेदार ड्योढ़ी पर चढ़कर अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर मुस्लिम को हाथ और पप्पू को पीठ में तमंचे से गोली मार दी। इससे दोनों भाई खून से लथपथ होकर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित परिवार की महिलाओं से भी अभद्रता की। उधर गोलियों की आवाज सुन ग्रामीण सहम गए। जानलेवा हमला कर हमलावर असलहे लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आननफानन में एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने पप्पू को रेफर कर दिया। मामले में मुस्लिम की बीवी अफसाना की तहरीर पर 21 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस फिलहाल आरोपियों का नाम गोपनीय रखे हुए हैं। पुलिस का कहना है कि नाम सार्वजनिक होने पर फरार हो जाएंगे।