कस्बे में तीन दिन पहले हुई विवाहिता की मौत मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति, सास व ससुर के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र के बैर्रांव गांव निवासी प्रमोद कुमार द्विवेदी ने बताया कि उसने अपनी बेटी विद्योत्मा उर्फ आरती की शादी 25 जनवरी 2015 को सिराथू कस्बे में राहुल पांडेय से की थी।
आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज में कार की मांग को लेकर ससुराली विद्योत्मा को प्रताड़ित करने लगे थे। इसकी जानकारी होने पर रिश्तेदारों ने पंचायत की। लेकिन उनके रवैये में सुधार नहीं हुआ। इस बीच विवाहिता ने एक बेटे शौर्य को जन्म दिया।
पिता प्रमोद कुमार के मुताबिक छह जुलाई की सुबह उसकी बेटी ने अपनी मां को मोबाइल फोन से कॉल कर बताया कि दो दिन से ससुराली उसकी पिटाई कर रहे हैं। सूचना पर मायके वाले बेटी की ससुराल पहुंचे तो पता चला कि उसने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी है।
मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति राहुल पांडेय, ससुर तीरथ राज पांडेय व सास सरोज देवी के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया है।
सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि मामले में ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।