एयरपोर्ट के संविदाकर्मी राजीव उर्फ राजू हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। राजीव की हत्या उसके जीजा ने करोड़ों की जमीन हड़पने के इरादे से अपने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने आरोपी व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर मृतक की बाइक, जला हेलमेट और आल्टो कार बरामद कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया। दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पिपरी कोतवाली के जलालपुर घोषी का रहने वाला राजीव उर्फ राजू पुत्र रामनाथ कुशवाहा बम्हरौली एयरपोर्ट पर संविदाकर्मी था। सात अगस्त को वह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो वह बंद मिला। खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर घरवालों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच नौ अगस्त को फतेहपुर जनपद के असोथर क्षेत्र में नहर किनारे एक अधजला शव मिला।
सूचना पर पहुचे राजीव के परिजनों ने शव कीशिनाख्त की।इस पर एसपी अभिनंदन ने हत्या के खुलासे के लिए इंस्पेक्टर विजय कुमार राय के साथ ही एसओजी को लगाया। पुलिस ने मृतक राजीव समेत आधा दर्जन लोगों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए तो सुराग मिलने लगे। घटना के दिन राजीव के जीजा फतेहपुर जनपद के नरैनी निवासी वीरेंद्र की लोकेशन उसके साथ मिली। यह भी पता चला कि घटना के बाद से वीरेंद्र घर से फरार है। इस पर पुलिस का शक यकीन में बदल गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह वीरेंद्र को घर से दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने साले राजीव की हत्या का जुर्म कुबूल कर लिया।
वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि सात अगस्त को वह फतेहपुर के मुराइन टोला निवासी अपने दोस्त राजू वैरागी के साथ बम्हरौली पहुंचा था। छोटी बहन के लिए रिश्ता देखने के बहाने वह राजीव को अपनी आल्टो कार से फतेहपुर ले गया। वहां शहर में पानी टंकी के पास दो अन्य दोस्त विपिन व मुलायम मौर्य पहले से मौजूद थे। सभी ने वहां शराब पी। इसके बाद राजीव की झलवा स्थित करोड़ों की जमीन को लेकर सौदेबाजी शुरू हुई। विरोध करने पर उसकी हत्या कर कार शव को नहर किनारे फेंक दिया। पहचान छिपाने के लिए अगले दिन फिर जाकर शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पुलिस ने वीरेंद्र के साथ उसके दोस्त विपिन को भी गिरफ्तार कर लिया। एएसपी समर बहादुर ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस कर घटना का खुलासा किया।