पिपरी कोतवाली के चंद्रसेन गांव में मंगलवार रात महिला का शव धन्नी से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई ने बंटवारे के विवाद में जेठ-जेठानी व देवर-देवरानी पर हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों को पकड़ लिया है। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
सरायअकिल कोतवाली के नगरेहा गांव निवासी धनराज ने बताया कि छह साल पहले बहन रीता देवी की शादी पिपरी कोतवाली के चंद्रसेन गांव निवासी मिथलेश के साथ हुई थी। मिथलेश प्रयागराज में मजदूरी करता है। वह सप्ताह में एक दिन के लिए ही घर आता है। मंगलवार रात रीता अपनी चार साल की बेटी सृष्टि के साथ घर में थी। आधी रात के करीब बेटी सृष्टि के रोने पर परिवार वाले मौके पर पहुंचे तो रीता का शव धन्नी में साड़ी के सहारे फंदे से लटका था।
घटना की जानकारी मिथलेश के साथ ही कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के भाई धनराज का आरोप है कि बंटवारे को लेकर विवाद के चलते जेठ मान सिंह, देवर राज सिंह, जेठानी और देवरानी ने रीता की हत्या की है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सिद्वार्थ सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।