परीक्षा देने करारी आ रहे शीतलाधाम गांव के रहने वाले बीएससी के छात्र रजत उर्फ गोविंद (22) की मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। कालेज के समीप मुड़ते समय बाइक फिसलने से यह हादसा हुआ है।
सैनी कोतवाली क्षेत्र के शीतलाधाम (कड़ा) गांव निवासी शिवबाबू उर्फ ननकऊ मोदनवाल की मिठाई की दुकान है। उनके तीन बेटों में दूसरे नंबर का रजत उर्फ गोविंद (22) डा. एएच रिजवी डिग्री कालेज करारी में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। मंगलवार की सुबह वह परीक्षा देने बाइक से कालेज आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब पौने 7 बजे जैसे ही वह कालेज गेट के समीप मुड़ा कि बाइक की स्पीड अधिक होने के कारण वह बेकाबू होकर फिसल गई।
बाइक संग वह करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। गिरने से युवक गंभीररूप से घायल हो गया। खून से लथपथ छात्र को उठाकर स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, जैसे ही हादसे की खबर घरवालों को मिली वे रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। छात्र की हादसे में हुई मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।