पर्यटन को बढ़ावा देने के और जनपद की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए कोसम इनाम में विपश्यना ध्यान केंद्र और पर्यटक सुविधा केंद्र बनाने की तैयारी है। परियोजना में 9.97 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटक सुविधाएं और ध्यान केंद्र दो साल में तैयार होगा। इससे होटल, परिवहन, स्थानीय बाजार और छोटे व्यापारियों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
ध्यान साधना के लिए विशाल मेडिटेशन हॉल
परियोजना के तहत एक बड़ा और शांत मेडिटेशन हॉल बनाया जाएगा, जहां विपश्यना और ध्यान साधना के लिए अनुकूल वातावरण रहेगा। इसके साथ ही पर्यटकों के लिए अलग से टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां उन्हें क्षेत्र की जानकारी, मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता मिल सकेगी।
जल, बिजली, सुरक्षा और हरियाली पर विशेष जोर
परियोजना के तहत जलापूर्ति, स्वच्छता, आधुनिक शौचालय, ड्रेनेज और जल निकासी व्यवस्था विकसित होगी। आंतरिक विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और कंप्यूटर नेटवर्किंग भी इसमें शामिल होगी। साथ ही सुरक्षा के लिए आधुनिक अग्निशमन प्रणाली लगाई जाएगी।
परिसर में सड़क, पाथवे, सुरक्षित प्रवेश-निकास व्यवस्था और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। ध्यान केंद्र का वातावरण शांत, सुंदर और आध्यात्मिक अनुभव के अनुकूल बनाने के लिए हरियाली और उद्यान विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कोसम इनाम में विपश्यना ध्यान केंद्र और पर्यटक सुविधा केंद्र के निर्माण के लिए 9. 97 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो चुका है। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। परियोजना जिले को आध्यात्मिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। -कीर्तिमान श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी