खेलाते वक्त पिता की गोद से गिरी मासूम, मौत
पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मंदर गांव में गुरुवार दोपहर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के मंदर गांव में गुरुवार दोपहर हृदय विदारक घटना हुई। यहां खेलते वक्त एक मासूम बच्ची अपनी पिता की गोद से छिटककर गिर गई। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
मंदर निवासी मुकेश मौर्य किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। बताया जाता है कि गुरुवार दोपहर उसकी पत्नी सुमन देवी घरेलू काम में व्यस्त थी। इस दौरान रो रही साल भर की मासूम बच्ची को मुकेश उठाकर खेलाने लगा। खेलाते-खेलाते अचानक मासूम पिता की गोद से छिटककर नीचे गिर गई। लिहाजा सिर पर अधिक चोट लगने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। संतुष्टि के लिए परिवारीजन बच्ची को लेकर नजदीकी निजी अस्पताल गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से पीड़ित परिवार वालों की रो-रोकर हालत खराब है। वहीं, दूसरी ओर चर्चा रही कि पत्नी से झगड़े के बाद मुकेश ने तैश में आकर बच्ची को उठाकर पटक दिया था। हालांकि अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर रमेश पटेल का कहना है कि बच्ची खेलाते वक्त ही गिरी थी। परिवार की ओर से किसी तरह की कोई तहरीर नहीं दी गई है। उन्होंने बिना पोस्टमार्टम कराए मृतका का अंतिम संस्कार भी कर दिया है। कोतवाल के मुताबिक कोई तहरीर देगा तो रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।