मंझनपुर। पड़ोसी जनपदों के साथ द्वाबा में सक्रिय बाइक चोरों के एक गिरोह का बृहस्पतिवार को मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्याें को धर दबोचा। इनके कब्जे से दो तमंचे के साथ चोरी की तीन बाइक भी बरामद हुई हैं। एसपी रतनकांत पांडेय ने बताया कि गिरोह का सरगना चार महीने पहले ही जेल भेजा जा चुका है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश पुलिस कर रही है।
द्वाबा में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद बुधवार की रात भेलखा गांव के समीप से बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस अधीक्षक रतनकांत पांडेय ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से तहसील, विकास भवन, अस्पताल से बाइक चोरी की घटनाएं हुई। ऐसे में बाइक चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों की धरपकड़ को नगर कोतवाली प्रभारी को कर्रा किया गया था। एसपी ने बताया कि इन घटनाओं के बाद सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर भेलखा गांव के समीप आम की बाग से समदा निवासी जफर उर्फ चींटी, नाजिम, मोहम्मद सोनू को धर दबोचा। पुलिस ने गिरोह के पकड़े गए सदस्यों के पास से दो तमंचा और चोरी की तीन बाइक बरामद होने का दावा किया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इन बदमाशों ने बताया कि वे चित्रकूट, इलाहाबाद, कौशाम्बी, फतेहपुर, बांदा, कानपुर आदि जिलों से बाइकें चोरी करते थे। बाद में इन्हें लाकर बेच दिया जाता था। एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना चार महीने पहले ही पकड़ा जा चुका है। सरगना के जेल जाने के बाद भी गिरोह के सदस्य बाइके चोरी करने में सक्रिय थे। पुलिस ने हत्थे चढ़े तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है। साथ ही इनके अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।