इलाहाबाद के खुल्दाबाद इलाके का रहने वाला था युवक, घर-परिवार में कोहराम
चायल। पुरामुफ्ती इलाके में साथी की बारात में आए एक युवक की रविवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। कोइलहा गांव के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसे रौंद दिया था। मृतक इलाहाबाद के खुल्दाबाद का रहने वाला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
इलाहाबाद जिले के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के निहालपुर इलाके का रहने वाला गोलू (22) रविवार को पुरामुफ्ती गांव अपने एक साथी की शादी में शामिल होने आया था। रात में वह बाइक से कोइलहा टंकी पेट्रोल लेने जा रहा था। जैसे ही उसकी बाइक कोइलहा गांव के समीप पहुंची, कानपुर की ओर से तेजी से आ रही स्कार्पियो ने उसको टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गोलू स्कार्पियो के नीचे आ गया। कार उसे रौंदते हुए निकल गई। इससे गोलू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सड़क दुर्घटना देख गांव के लोग आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने के बाद घरवालों को हादसे की खबर दी। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत के से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।