कोटे की एक दुकान निरस्त, दूसरी निलंबित
डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने की कार्रवाई
सिराथू (ब्यूरो)। मंगलवार को एसडीएम सिराथू ने खाद्यान्न वितरण में अनियमितता के आरोपी एक दुकान को निरस्त कर दिया तो दूसरे पर निलंबन की कार्रवाई की है। एसडीएम की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप है।
सिराथू तहसील क्षेत्र के अफजलपुर सातौ गांव की दुकान में आवंटन में गड़बड़ी पाए जाने पर 18 अक्तूबर को निलंबित कर दिया गया था। मामले में कोटेदार से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर मंगलवार को एसडीएम ने अफजलपुर सातों की दुकान निरस्त कर दी। इसी तरह ककोढ़ा गांव में कोटेदार निरंजन मिश्र द्वारा खाद्यान्न आवंटन में गड़बड़ी की शिकायत कार्डधारकों ने की थी। आपूर्ति निरीक्षक की जांच में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर एसडीएम ने ककोढ़ा गांव की दुकान को निलंबित कर दिया। एक दिन में कोटे की दो दुकानों पर कार्रवाई होने से इलाकाई कोटेदारों में हड़कंप है।
आरा मशीनों पर डंप हुई अवैध कटान की लकड़ियां
-विभागीय जिम्मेदारों की मिली भगत से गुर्रा रहीं मशीनें
-हरे-भरे पेड़ों पर बेखौफ चटक रहे कुल्हाड़े
सिराथू (ब्यूरो)। इलाके की हरियाली पर लकड़ी माफियाओं की नजर लग गई है। हरे-भरे पेड़ों को बगैर परमीशन के काटकर इलाकाई आरा मशीनों पर लकड़ी पहुंचाई जाती है। इसके बाद लकड़ी पहचान में न आए उसे फाड़कर इमारती लकड़ी में बदल दिया जाता है। इसकी गवाही आरा मशीनों में डंप अवैध कटान की हरी लकड़ियां दे रही हैं।
सिराथू रेंज क्षेत्र के अजुहा, परास, टेढ़ीमोड़, ख्वाचकीमई सहित इलाके की कई ग्राम सभाओं के हरे-भरे पेड़ों की शामत आ गई है। लकड़ी माफिया बागवानों से पेड़ खरीदकर बगैर परमिट के उसे गिरवा दे रहे हैं। इसके बाद अवैध परिवहन के सहारे नजदीकी आरा मशीन पर पहुंचाकर रातोंरात लकड़ी की शक्ल बदल दी जाती है। इसके बाद आम आदमी शिनाख्त तक नहीं कर सकेगा कि लकड़ी किस चीज की है। लकड़ी माफियाओं के इस खेल में विभागीय जिम्मेदारों की भूमिका भी संदिग्ध है। लोगों का कहना है कि अवैध कटान की सूचना दिए जाने के बाद भी जिम्मेदार मौके पर नहीं पहुंचते। इससे कारोबारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। पेड़ो की अवैध कटान व दिनरात संचालित आरा मशीनों के बावत रेंज अफसर एसके चतुर्वेदी से पूछा गया तो उनका कहना था कि चल रही मशीनें वैध हैं। मशीनों पर लकड़ी अवैध कटान की है या वैध यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। बहरहाल कुछ भी हो विभागीय जिम्मेदारों का यही रवैया रहा तो सिराथू रेंज सर्किल से हरियाली चट होने में अब देर नहीं लगेगी।
24 घंटे से नहीं हुई जलापूर्ति, ग्रामीण परेशान
मंझनपुर (ब्यूरो)। कौशांबी ब्लॉक के म्योहर गांव स्थित पानी टंकी से जलापूर्ति पिछले 24 घंटे से ठप है। इसे लेकर ग्रामीणों में बूंद-बूंद पानी का संकट खड़ा हो गया है। पानी टंकी पर ऑपरेटर के मौजूद न रहने से यह भी नहीं पता चल पा रहा कि आखिर जलापूर्ति क्यों ठप है। सोमवार से लेकर मंगलवार को पूरे दिन पेयजल को लेकर ग्रामीण हैंडपंप पर मशक्कत करते रहे।