91 उद्यमी दोआबा में करेंगे 1167 करोड़ रुपये का निवेश
लखनऊ में आयोजित यूपी इन्वेस्टर्स समिट का जिले में किया गया सजीव प्रसारण
डीएम ओर एसपी ने एमओयू साइन करने वाले निवेशकों को दिए प्रमाणपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट ने उद्यमियों का दोआबा में निवेश के प्रति रुझान बढ़ाया है। 24 जनवरी तक 53 उद्यमियों ने 671 करोड़ के निवेश का मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया था। अब उद्यमियों की संख्या बढ़कर 91 और निवेश तकरीबन 1167 करोड़ हो गया है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उद्यन सभागार में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट कार्यक्रम के दौरान डीएम-एसपी ने इन उद्यमियों का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में शामिल उद्यमियों और स्कूली बच्चों को लखनऊ में आयोजित यूपी इन्वेस्टर्स समिट का सजीव प्रसारण दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का की बातें सुन उद्यमी उत्साहित दिखे। डीएम सुजीत कुमार, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने एमओयू साइन करने वाले अन्य निवेशकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए। डीएम ने कहा कि जनपद में किया जा रहा निवेश सुरक्षित है। उद्यमियों को हर संभव मदद दी जाएगी। उद्यमियों की हर समस्या का समाधान पुलिस और प्रशासन करेगा।
डीएम ने कहा कि शासन से 300 करोड़ का लक्ष्य दिया गया था, जबकि 1167.66 करोड़ के निवेश के एमओयू साइन हो चुके हैं। इसके बाद भी और उद्यमी निवेश करना चाहते हैं तो बेहिचक आगे आएं। निवेशक सिंगल विंडो सिस्टम-निवेश मित्र पोर्टल पर अपना आवेदन अपलोड कर सभी विभागों से आवश्यक एनओसी प्राप्त कर सकते हैं। निवेेशकों की सुविधा के लिए पुलिस लाइन के पीछे औद्योगिक क्षेत्र एवं कड़ा में मिनी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसपी ने कहा कि उद्यमियों और व्यापारियों को अपराधियों से डरने की जरूरत नहीं है। कहीं भी कोई रंगदारी की मांग करे या बेवजह परेशान करे तो पुलिस को सूचना दें, सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। उद्यमियों को पूरी सुरक्षा दिलाई जाएगी। सीडीओ डॉ. रवि किशोर त्रिवेदी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
19,107 युवाओं को मिलेगा रोजगार
मंझनपुर। उपायुक्त उद्योग एस सिद्दीकी ने बताया कि इन्वेस्टर्स समिट में स्थानीय के अलावा प्रयागराज, फतेहपुर, गोरखपुर, गाजियाबाद, नोएडा, मुंबई के निवेशकों ने भी दोआबा में निवेश की इच्छा जताई है। इन उद्यमियों ने एमओयू साइन कर दिया है। सभी उद्यमियों के निवेेश करने से 19,107 युवाओं को जनपद में ही रोजगार मिलेगा। इन्हें दूसरे शहरों व प्रांतों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये हैं निवेशक
मंझनपुर। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में उद्यमी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने एलईडी एवं सेमी कंडक्टर उद्योग की स्थापना के लिए 100 करोड़ और प्रकाश दुबे ने मसाला उद्योग पर 50 करोड़ के निवेश की इच्छा जताई है। राजखेम सिंह, रामकृष्ण केसरवानी, मो. अलीम, रमेश चंद्र वैश्य ने 50-50 करोड़, रमेश अग्रहरि ने 30 करोड़, नीरज द्विवेदी ने 25 करोड़, विवेक सिंह ने 20 करोड़ के निवेश का एमओयू साइन किया है। वेद प्रकाश पांडेय, शिवम केसरवानी, मनीषा देवी, चंद्र प्रकाश, अवधेश नारायण शुक्ला, प्रिया पांडेय, विपिन केसरवानी ने 10-10 करोड़ के निवेश का इच्छा जताई है। इसी तरह 91 निवेशकों ने अब तक एमओयू साइन कर दिया है। संवाद