मंझनपुर। स्वास्थ्य विभाग के सघन मिशन इंद्रधनुष के दूसरे चरण की सोमवार को शुरुआत हो गई। इसमें 8873 महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण होगा।
कौशाम्बी ब्लॉक क्षेत्र के बजहा खुर्रमपुर गांव में लगे शिविर का सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इसी के साथ मिशन के दूसरे चरण में होने वाले टीकाकरण का उद्घाटन हो गया। इस दौरान सीएमओ ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए जाने वाले यह टीके गर्भवती महिलाओं और बच्चों को तमाम तरह की बीमारियों से बचाते हैं।
डिप्टी सीएमओ डॉ. हिंद प्रकाश मणि ने बताया कि इस अभियान में मुख्यत: उन गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है, जो पूर्व में इससे वंचित रह गए हैं। मिशन इंद्रधनुष के पहले चरण का अभियान अगस्त में सात से लेकर 12 तारीख तक चला था। इसमें 5481 बच्चों और 1271 गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण का लक्ष्य था, जिसके सापेक्ष 5507 बच्चों और 1271 गर्भवती महिलाओं को बीमारियों से बचाने वाले टीके लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अब दूसरे चरण का अभियान शुरू हुआ है, जो 16 सितंबर तक चलेगा। इसमें 7130 बच्चों और 1743 महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा।
शिविर में 50 बच्चों का कराया गया स्वर्णप्राशन
कल्यानपुर। कोइलहा स्थित चंद्रशेखर सिंह आयुर्वेदिक संस्थान, चिकित्सालय और शोध केंद्र में सोमवार को स्वर्णप्राशन शिविर लगा। इसमें बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. अमित सिंह ने 50 बच्चों का स्वर्णप्राशन कराया। संस्थान के प्रधानाचार्य प्रो. डाॅ. विनोद कुमार ने बताया की स्वर्णप्राशन से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। सभी अभिभावकों को 16 साल से कम आयु के बच्चों को स्वर्णयुक्त दवा का सेवन अवश्य करना चाहिए। संवाद