मनौरी उपकेंद्र में असरावल फीडर को सप्लाई को लगे ट्रांसफार्मर में खराबी आने से मनकापुर, मीरपुर, तेवारा समेत दर्जनभर गांवाें की बत्ती तीन दिन से गुल है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है। ढिबरी के सहारे लोग घरेलू कामकाज निपटाने को मजबूर हैं। आरोप है कि शिकायत के बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है। अवर अभियंता का कहना है कि ट्रांसफार्मर में आई खराबी ठीक कराई जा रही है। मंगलवार की सुबह तक सप्लाई बहाल हो जाएगी।
चायल तहसील के जनका, मीरपुर, तेवारा, मेड़वारा, कसेंदा, अकबरपुर, बेगमपुर, हरिरामपुर, पावन आदि गांवों में मनौरी उपकेंद्र से बिजली सप्लाई दी जाती है। उपकेंद्र में लगे 8 एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आने से दर्जनभर गांवों की आपूर्ति शनिवार से ठप है। जनका गांव के धर्म सिंह, शिवराम, लाईक अहमद, नेपाल सिंह, अशोक कुमार, दिरगज सिंह, रमेश कुमार आदि ने बताया कि सोमवार को इसकी शिकायत एसडीओ के साथ चायल एसडीएम से भी की है। इसके बाद भी अब तक बिजली की सप्लाई बहाल नहीं की जा सकी है। मामले में मनौरी उपकेंद्र के अवर अभियंता अशोक आर्या ने बताया कि उपकेंद्र में बिजली सप्लाई के लिए लगा आठ एमवीए के ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। इसी कारण से बिजली आपूर्ति बाधित है। ट्रांसफार्मर की खराबी को ठीक कराया जा रहा है। जल्द की गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।