जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे 794 अनफिट ई-रिक्शा
-परिवहन विभाग में पंजीकृत 3830 ई-रिक्शा में से 794 का खत्म हो चुका है फिटनेस
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। अगर आप ई-रिक्शा से सफर कर रहे हैं तो इस बात की तस्दीक जरूर कर लें कि गाड़ी का फिटनेस है या नहीं। अनफिट वाहनों पर बैठने के बाद हादसा होने पर क्लेम भी नहीं मिल सकेगा। जिले की सड़कों पर 794 अनफिट ई-रिक्शा फर्राटा भर रहे हैं। विभाग अब इनके खिलाफ नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
मुख्यालय मंझनपुर सहित जिले के विभिन्न कस्बों एवं बाजारों में लोकल सफर का जरिया ई-रिक्शा हैं। परिवहन विभाग में जिले के विभिन्न सड़कों पर फर्राटा भर रहे 3830 ई-रिक्शाें का पंजीकरण है। नियमों के मुताबिक हर दो साल में इन ई-रिक्शों का फिटनेस कराया जाना चाहिए। लेकिन जिले की सड़कों पर फर्राटा भर रहे तकरीबन 794 ई-रिक्शा ऐसे हैं, जिनका समय सीमा बीतने के बाद भी फिटनेस नहीं कराया गया। चेकिंग के दौरान पकड़े जाने वाले वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता है। एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल का कहना है कि दो महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें अनफिट ई-रिक्शा संचालकों को नोटिस जारी करने के साथ ही चेकिंग के दौरान जो भी ई-रिक्शा चालक बिना फिटनेस सड़क पर चलता मिला, उसकी गाड़ी सीज की जाएगी।