मंझनपुर। शिक्षा के बाजारीकरण से खफा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय में धरना दिया। इसके बाद डीआईओएस को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा। चेताया कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह जिला संयोजक आलोक शुक्ला की अगुवाई में डीआईओएस (जिला विद्यालय निरीक्षक) कार्यालय पहुंचे। इसके बाद धरने पर बैठ गए। जिला संयोजक ने कहा कि शिक्षा का तेजी से बाजारीकरण हो रहा है। शासन-प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है। इसकी वजह से छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका भविष्य अंधकारमय हो रहा है। डीआईओएस को सौंपे गए ज्ञापन में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बिना मान्यता के स्कूलों के संचालन पर रोक लगाने, सभी विद्यालयों की वर्षभर की आय-व्यय का ऑडिट कराने, विद्यालयों-महाविद्यालयों में विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षकों की व्यवस्था करने, स्कूलों में शौचालय, बिजली आदि का इंतजाम करने व खटारा स्कूली वाहनों पर रोक लगाने की मांग की है। इस मौके पर सचिन गोस्वामी, आयूष साहू, रत्नेश कुमार, कृष्णा कपूर, समर, रोहित, जितेन्द्र, सुल्तान, संजय शर्मा, सत्यम, नितिन आदि मौजूद रहे।