एडीओ पंचायत, तीन सचिव व ग्राम प्रधान को नोटिस
सरसवां ब्लॉक के बनी खास गांव में जिम्मेदारों ने शौचालय निर्माण में जमकर धांधली की। यहां जांच में 231 शौचालय गायब मिले। रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान व सचिव को नोटिस जारी कर जवाब किया है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत वित्तीय वर्ष 2021-22 में विकास खंड सरसवां के बनी खास गांव में 514 शौचालय बनाने के लिए 62 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई थी। ग्रामीणों ने शौचालय निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत डीएम से की थी। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ, सीवीओ एवं बीडीओ सरसवां की तीन सदस्यीय टीम से जांच कराई। जांच के दौरान 231 शौचालय मौके पर नहीं बने मिले।
जिम्मेदारों ने इस मद के करीब 28 लाख रुपये का गोलमाल कर दिया है। टीम की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने तत्कालीन एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र कुमार, अमित कुमार सिंह, रवि सिंह को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा है। ग्राम प्रधान गोमती देवी को भी नोटिस दिया गया है।