रन-वे के समीप निर्माण करना पड़ा महंगा
वायु सेना बम्हरौली के विंग कमांडर ने आरोपी पर दर्ज कराई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर।
वायु सेना बम्हरौली के रन-वे के समीप निर्माण कार्य कराना शेख सरवा गांव के युवक को महंगा पड़ा। निर्माण कार्य रोकते हुए विंग कमांडर ने आरोपी के खिलाफ पुरामुफ्ती थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है। एअर फोर्स प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के बम्हरौली स्थित वायु सेना के कैंपस के समीप से रन-वे गया है। बरवा से इलाहाबाद जाने वाले मार्ग के बगल शेख सरवा गांव का गुंजन यादव भूमिधरी जमीन पर मकान निर्माण करा रहा था। इसी जानकारी वायु सेना के अफसरों को हुई तो उन्होंने विरोध करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। बताया जा रहा है कि वायु सेना के रन-वे से 100 मीटर की परिधि में निर्माण कार्य पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसके बाद भी निर्माण कार्य कराया जा रहा था। विंग कमांडर कुलदीप चौहान ने मामले की शिकायत पुलिस अफसरों से करते हुए नामजद शिकायत पूरामुफ्ती थाने में की। विंग कमांडर की तहरीर पर मंगलवार की रात पुरामुफ्ती पुलिस ने आरोपी गुंजन यादव निवासी शेख सरवा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सेना की इस कार्रवाई से इलाके के अन्य लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विवेचक चौकी प्रभारी सल्लाहपुर संजय गुप्ता ने बताया कि रन-वे पर आरोपी खुद की जमीन पर निर्माण करा रहा था। इस परिधि में वायु सेना ने निर्माण कार्य को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर रखा है। जांच पड़ताल की जा रही है। तहकीकात के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।