शाखा और महेवा में पकड़ा गया लाखों का घोटाला
ग्राम प्रधान व सचिव से जवाब-तलब, निलंबन की चेतावनी
राज्य वित्त एवं 14 वें वित्त का साढ़े सात लाख हजम कर गए जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यरो
मंझनपुर।
जिले के महेवा और शाखा गांव में राज्य वित्त एवं चौदहवें वित्त की रकम का जिम्मेदारों ने बंदरबाट कर लिया। विकास कार्यों की जांच में लाखों के गोलमाल का खुलासा होने पर दोनों ग्राम सभाओं के प्रधान और सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर निलंबन की चेतावनी के साथ ही जवाब-तलब किया गया है। डीपीआरओ की इस कार्रवाई से आरोपितों में खलबली है।
सरसवां ब्लॉक के महेवाघाट व सिराथू के शाखा बरीपुर गांव में वर्ष 2016-17 तथा 2017-18 के दौरान राज्य वित्त एवं चौदहवें वित्त की रकम से कराए गए विकास कार्यों की पिछले महीने जांच कराई गई थी। जांच अधिकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पाया कि गांव के प्रधान और सेक्रेटरी ने योजना का 5.77 लाख रुपया हजम कर लिया है। नाली निर्माण के नाम पर रकम आहरित कर जिम्मेदारों ने कोई काम नहीं किया है। इसी तरह शाखा में भी परियोजना अधिकारी यूपी नेडा ने जांच की तो गोलमाल पकड़ा गया। जांच अफसर ने यहां एमडीएम शेड के निर्माण में डेढ़ लाख तथा सोलर लाइट खरीद में 25 हजार रुपये समेत तकरीबन पौने दो लाख रुपये का गबन पकड़ा। जांच अफसरों ने अपनी रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी। इस पर डीपीआरओ कमल किशोर ने बुधवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर दोनों गांव के ग्राम प्रधानों और सचिवों को निलंबन की चेतावनी के साथ नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया है।
डीपीआरओ ने चार प्रतिरोधी परिवारों को लगवाया टीका
फोटो-
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिले भर में इन दिनों मिशन इंद्रधनुष के तहत बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीका लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव शिविर लगाकर टीका लगाने का काम कर रही है। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर विकास विभाग के अफसर इसकी मानीटरिंग में लगे हैं। इस बीच कौशाम्बी ब्लॉक के डेलइया तथा सोनवारा गांव के चार परिवार बच्चों को टीका नहीं लगवा रहे थे। सूचना के बाद पहुंचे डीपीआरओ कमल किशोर ने प्रतिरोधी परिवारों को समझाबुझाकर सभी को टीका लगवाया। उन्होंने ग्रामीणों को टीकाकरण के फायदे भी बताए। साथ ही चेतावनी दिया कि अभियान का विरोध करने वाले ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा।
19 को कौशाम्बी आएंगे नोडल अफसर
मंझनपुर (ब्यूरो)। आयुक्त एवं निदेशक हथकरघा, वस्त्र उद्योग और जिले के नोडल अफसर रमारमण 19 दिसंबर को कौशाम्बी आ रहे हैं। वह यहां पर विकास भवन व सरसवां ब्लॉक के किसी एक गांव का निरीक्षण भी करेंगे। इसके लिए जिले के अपसरों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।