मंझनपुर। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के कशिया पश्चिम गांव में शुक्रवार रात एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। आत्मघाती कदम उठाने के पीछे पत्नी से विवाद की बात सामने आ रही है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। कशिया पश्चिम निवासी अजय पांडेय (30) किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था।
बताया जाता है कि किसी बात को लेकर पत्नी से आए दिन उसका विवाद हुआ करता था। शुक्रवार रात भी कहासुनी हुई थी। उस वक्त मौके पर पहुंचे परिजनों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत करा दिया। इसी के बाद तैश में आकर अजय ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात परिजनों ने अजय को फंदे पर लटकता देखा तो उनकी चीख निकल पड़ी। शोर-शराबा सुन मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार की ओर से किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब है।
भाग रहे ठग को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
चायल (संवाद)। पूरामुफ्ती निवासी अवधेश नारायण पांडेय व विभव पटेल ने बताया कि उनके पड़ोस में किराए का मकान लेकर कई वर्षों से एक युवक रहता था। तीन वर्ष पूर्व 2016 में इस युवक ने हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अवधेश से 50 हजार और विभव से एक लाख रुपया ले लिया। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तब ठगी का एहसास करते हुए पीड़ितों ने रुपया मांगना शुरू कर दिया। आरोप है कि शुक्रवार को पैसे मांगने पर आरोपित ने पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। इसकी भनक लगते ही शनिवार को आरोपी युवक सामान समेटकर भागने की तैयारी कर रहा था। तभी पीड़ितों ने ग्रामीणों संग मिलकर उसे पकड़ लिया और यूपी-112 पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी से पूरामुफ्ती कोतवाली पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल रिपोर्ट नहीं लिखी गई है।