विधानसभा चुनाव कराने के लिए द्वितीय चरण का प्रशिक्षण बुधवार से एमवी कान्वेंट स्कूल में आयोजित किया गया। तीन दिनी प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले ही दिन 25 मतदान कार्मिक बगैर किसी सूचना के प्रशिक्षण लेने नहीं पहुंचे। सीडीओ एवं प्रभारी मतदान कार्मिक शशिकांत त्रिपाठी ने सभी गैरहाजिर कार्मिकों के खिलाफ एफआईआर कराने का निर्देश दिया। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर प्रशिक्षण का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मास्टर ट्रेनरों ने पहले दिन कार्मिकों को मतदान से जुड़ी बारीकियां समझाईं। जिला निर्वाचन अधिकारी सुजीत कुमार ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि कार्मिक छोटी-छोटी जानकारियों को डायरी में नोट कर लें, ताकि मतदान कराने में उन्हें कोई दिक्कत न हो। सीडीओ एवं प्रभारी मतदान कार्मिक शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि 250 पार्टियों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रथम पाली के प्रशिक्षण से 12 तथा द्वितीय पाली में 13 समेत कुल 25 मतदान कार्मिक अनुपस्थित रहे। गैरहाजिरों में मतदान कार्मिक द्वितीय/अनुदेशक आईटीआई मायाराम, मतदान कार्मिक द्वितीय/शिक्षामित्र अनिल कुमार आदि शामिल हैं। प्रभारी अधिकारी कार्मिक ने सभी अनुपस्थित मतदान कार्मिकों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया।