सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने 15 दिन के अंदर सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराने का आदेश दिया है। जिले की 713 में से लगभग 245 सड़कों को इस वक्त मरम्मत की दरकार है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने टेंडर करा लिए हैं। लेकिन, लक्ष्य की पूर्ति की राह आसान नहीं। कारण, अभी तक सिर्फ एक करोड़ रुपये ही आवंटित किए हैं।
जिले में लोक निर्माण विभाग की 1883 किलोमीटर लंबी लगभग 713 सड़कें हैं। इनमें से लगभग 245 सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। इनमें से 200 सड़कें सिराथू, कड़ा, चायल और मूरतगंज की हैं। इनमें लिए पीडब्ल्यूडी के प्रांतीय खंड ने 1.08 करोड़ के टेंडर कराए हैं। वहीं, शेष 45 सड़कें नेवादा, कौशाम्बी, सरसवां और मंझनपुर ब्लॉक की हैं। इन्हें गड्ढा मुक्त बनाने में पीडब्ल्यूडी का निर्माण खंड करीब 80 लाख रुपये खर्च करेगा। इन कार्यों टेंडर हो गए है। बारिश में डामरीकरण का काम न होने से परेशानी बढ़ी है। लेकिन अधिकारी समय पर सड़कें चमकाने का दावा कर रहे हैं।
इन सड़कों के लिए आवंटित हुआ बजट
भरवारी-करारी मार्ग, समदा से दरियापुर होते हुए अर्का फतेहपुर मार्ग, टेवां-पश्चिमशरीरा मार्ग, तिल्हापुर मार्ग से रसूलपुर ब्यूर वाया औधन मार्ग, जुगराजपुर से छेकवा मार्ग, पश्चिमशरीरा से कटरी घाट मार्ग, मूरतगंज-राजापुर मार्ग, लालगंज-मंझनपुर-मऊ मार्ग, खनवारी-आलापुर-सिराथू धाता मार्ग, समदा चौराहा से मंझनपुर चौराहा मार्ग, धुमाई से मेढ़ीपुर मार्ग, कड़ा-अलीपुर जीता मार्ग, जीटी रोड से सयारा मीठेपुर होते हुए सौरई खुर्द मार्ग, समदा चौराहा से बंबूपुर मार्ग, जीटी रोड से कुरई घाट संपर्क मार्ग के लिए बजट आवंटित हुआ है।
जनपद में पीडब्ल्यूडी की सड़कों की संख्या और लंबाई
मार्ग - संख्या - लंबाई
राज्यमार्ग - 05 - 126
प्रमुख जिला मार्ग - 01 - 13
अन्य जिला मार्ग - 63 - 534
ग्रामीण मार्ग - 644 - 1210
कुल - 713 - 1883
बारिश में खराब होने वाली सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए तैयारी कर ली गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। कुछ सड़कों के लिए बजट भी आवंटित हो गया है। जल्द से जल्द काम शुरू कराकर निर्धारित समय में उसे पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
डीसी भास्कर
एई, पीडब्ल्यूडी, प्रांतीय खंड