22 assistant teachers got appointment letter
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। शिक्षक भर्ती के द्वितीय चरण में शनिवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में जिले के नवनियुक्त 22 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। प्रदेश के लोक निर्माण राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय के हाथों नियुक्ति पत्र मिलने से शिक्षक गदगद हो उठे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने नवनियुक्त शिक्षकों से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए नौनिहालों के भविष्य को बेहतर ढंग से संवारने की अपेक्षा की।
इससे पहले प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रभारी मंत्री के साथ विधायक सदर लाल बहादुर, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल एवं डीएम अमित कुमार सिंह ने नवनियुक्त प्रदीप सिंह, अभय राज कुशवाहा, दिनेश सिंह, महेंद्र सिंह, शेखर सिंह, संजीव कुमार पटेल, सौरभ कुशवाहा, आशीष कुमार मौर्या, देवेंद्र प्रताप सिंह, विभा देवी, प्रवीन कुमार दुबे, हीरा लाल, सुरेश चंद्र, नागेश दत्त द्विवेदी, नलिनी सिंह, मुख्तार मेंहदी समेत सभी 22 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज का दिन बहुत खुशी का दिन है। सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरी पारदर्शिता एवं सुचिता के साथ प्रदेश में 69000 शिक्षक भर्ती के सापेक्ष द्वितीय चरण में शनिवार को 36590 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षा उन्नयन के लिए कायाकल्प योजना के तहत विद्यालयों का सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रभारी मंत्री ने नव नियुक्त शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि आप सभी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए बच्चों के भविष्य निर्माण में अपना योगदान प्रदान करें। इस मौके पर सीडीओ शशिकांत त्रिपाठी, बीएसए प्रकाश सिंह आदि उपस्थित रहे।