डीजे संचालक को पीट कर लूट ले गए हजारों का सामान
पूरामुफ्ती के गोविंदपुर तेवारा में बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
चायल। पूरामुफ्ती के गोविंदपुर तेवारा गांव में गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने डीजे की दुकान को खुलवाकर संचालक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। संचालक को जख्मी करने के बाद बदमाश डीजे मशीन, स्टेबलाइजर और मिक्सर उठा ले गए। मामले की तहरीर पूरामुफ्ती पुलिस को दी गई है।
गोविंदपुर तेवारा गांव निवासी सुभाष चंद्र सरोज ने डीजे की दुकान खोल रखी है। रात को वह दुकान में ही सोता है। गुरुवार की रात करीब दस बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे और शटर पीट कर दुकान खुलवाई। सुभाष ने जैसे ही दुकान खोला तभी एक युवक ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में सुभाष जख्मी होकर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश दुकान में रखा कीमती समान उठा ले गए। विरोध करने पर सुभाष को जान से मारने की धमकी दी गई। बदमाशों के जाने पर सुभाष ने शोर मचाया तो मोहल्ले वाले पहुंचे। रात को ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस तहरीर लेकर घटना की छानबीन में जुट गई है।
संदिग्ध हालत में नाले में मिला बुजुर्ग का शव
चायल (ब्यूरो)। पिपरी कोतवाली के डाही नुमाया गांव में शुक्रवार सुबह नाले में एक 50 बुजुर्ग का शव मिला। सुबह मवेशियों को लेकर चराने के लिए जा रहे चरवाहों ने शव देखा तो पुलिस को खबर की। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिपरी के रावतपुर चौकी प्रभारी राकेश कुमार गौतम का कहना है कि गांव के लोगों ने बताया कि बुजुर्ग तीन-चार दिन से गांव में घूम रहा था। वह कौन है और कहां का रहने वाला है? इसकी जानकारी नहीं हो सकी। पुलिस ने शव की शिनाख्त नहीं होने पर लाश अज्ञात में दाखिल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।