पुलिस हिरासत से गायब हो गया बोलेरो चालक
करारी कोतवाली पुलिस पर चालक को गायब करने का आरोप
युवक की मां ने एसपी से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। करारी कोतवाली पुलिस की हिरासत से संदिग्ध दशा में एक बोलेरो चालक लापता हो गया। हफ्ते भर बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। चालक की मां ने पुलिस पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को एसपी से शिकायत की है।
करारी इलाके के मोअज्जमपुर गांव की नत्थी देवी ने बताया कि उसका बेटा अजय कुमार बोलेरो चालक है। 10 जनवरी को वह बुकिंग लेकर प्रयागराज गया था। लौटते वक्त तियरा मोड़ के समीप से करारी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पीड़िता की मानें तो इसकी जानकारी होने पर दूसरे दिन सुबह ही वह कोतवाली पहुंच गई। आरोप है कि बेटे का गुनाह और उसके बारे में पूछताछ करने पर एक दरोगा ने गाली-गलौज करते हुए भगा दिया। दरोगा ने कहा कि बेटा रात को ही कोतवाली से भाग गया है। पीड़िता का कहना है कि उसका बेटा अभी तक गायब है। रिश्तेदारियों के साथ परिचितों से भी बातचीत की गई। पर, कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित महिला ने पुलिस पर विपक्षियों से मिलकर बेटे को गायब करने का इल्जाम लगाया है। मामले में एएसपी अशोक कुमार का कहना है कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।