छेड़खानी से आजिज बीए की छात्रा ने जहर खाकर दी जान
ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी सोनम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पड़ोसी युवक के खिलाफ दी नामजद तहरीर, छानबीन में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
करारी। पड़ोसी युवक की छेड़खानी से आजिज बीए की छात्रा ने जहर खाकर जान दे दी। युवक उसे काफी दिनों से परेशान कर रहा था। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले में युवती ने नाना ने नामजद तहरीर दी है।
कौशाम्बी कोतवाली के मढ़ी गांव में रहने वाली सोनम (18) पुत्री कमलेश कुमार अपने ननिहाल बभन कांटी गांव में रहकर बीए कर रही थी। उसका दाखिला बैशकांटी के एक कॉलेज में था। रविवार की रात करीब 12 बजे उसने जहर खा लिया। इसके कुछ ही देर बाद सोनम की हालत बिगड़ने लगी। आनन-फानन परिजन उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था कर ही रहे थे कि सोनम ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पर पहुंची करारी कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनम के नाना कल्लू ने बताया कि मोहल्ले का एक युवक उसके साथ आए दिन छेड़खानी करता था। इसी से तंग होकर उसने इस तरह का आत्मघाती कदम उठाया है। मामले में उसने आरोपी युवक के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। छात्रा की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थानाध्यक्ष राजेश सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
---------
मां के साथ कॉलेज के लिए निकली छात्रा का अपहरण
इलाके के एक डिग्री कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए निकली थी छात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। चायल इलाके के एक डिग्री कॉलेज में मां के साथ प्रैक्टिकल की परीक्षा देने जा रही छात्रा का बाइक सवारों ने अपहरण कर लिया। छात्रा की मां ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ पिपरी कोतवाली में तहरीर दी है।
इलाके के एक गांव की रहने वाली छात्रा चायल इलाके के एक डिग्री कॉलेज में बीएससी कर रही है। छात्रा की मां का कहना है कि सोमवार को कॉलेज प्रशासन ने प्रैक्टिकल के लिए बुलाया था। वह अपनी बेटी को लेकर कॉलेज जा रही थी। रास्ते में गांव के ही दो युवक बाइक से आए और जबरन छात्रा को गाड़ी में बैठाकर भाग निकले। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने बाइक सवारों का पीछा भी किया लेकिन वह पकड़े नहीं जा सके। घटना की नामजद तहरीर पिपरी कोतवाली में दी गई है। इंस्पेक्टर राकेश तिवारी ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है। उनका कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।