डीपीआरओ संग दिल्ली रवाना हुए दस ग्राम प्रधान
-गंगा ग्राम स्वच्छता सम्मेलन में आज करेंगे शिरकत
मंझनपुर (ब्यूरो)। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में शनिवार को गंगा ग्राम स्वच्छता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। इसमें हिस्सा लेने के लिए द्वाबा के दस ग्राम प्रधानों का जत्था शुक्रवार की सुबह जिले से रवाना हो गया।
केंद्र सरकार ने गंगा की स्वच्छता के लिए अभियान चला रखा है। इसके लिए गंगा किनारे बसे गांवों को ओडीएफ (खुले में शौच मुक्त) करने की कवायद की जा रही है। जिले में गंगा किनारे बसे 33 गांवों में यह अभियान चल रहा है। अभियान की सफलता के लिए सरकार ने 23 दिसंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में गंगा ग्राम स्वच्छता सम्मेलन का आयोजन किया है। इसमें हिस्सा लेने के लिए शासन की ओर से जिले के दौलतपुर कसार ग्राम प्रधान अनिल कुमार, फराहिमपुर कलेशरमऊ की विटोला देवी, स्वातखत उर्फ कड़ा की इस्लामुनिशा, शहजादपुर की कौशल्या देवी, बरीपुर के अल्ताब अहमद, सकाढ़ा की नसरीन, पल्हाना के वीरेंद्र कुमार, गौसपुर की सुरसतिया देवी, कोखराज के गुलेश बाबू तथा कशिया गांव की संगीता देवी समेत दस ग्राम प्रधानों को चयनित किया गया था। शुक्रवार की सुबह जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर सभी चयनित ग्राम प्रधानों की टीम को लेकर राजधानी रवाना हो गए। डीपीआरओ ने बताया सम्मेलन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
------
एआरटीओ को देख स्कूल बस छोड़कर भागा ड्राइवर
घंटे भर तक बस में बंधक बने रहे नौनिहाल, की कार्रवाई
फोटो-
सरायअकिल (ब्यूरो)। सरायअकिल के करन चौराहे के पास शुक्रवार शाम एआरटीओ ने एक स्कूल बस रोक ली। सामने अफसर देख चालक बस छोड़कर फरार हो गया। इसके चलते घंटे भर तक बस में बंधक बने नौनिहाल भूख-प्यास से बिलबिलाते रहे। एआरटीओ ने बच्चों को बाहर निकलवाने के साथ ही बस का चालान व प्रबंधक को नोटिस जारी कर दिया।
उप सम्भागीय परिवहन अधिकारी शंकर जी सिंह शुक्रवार को वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान शाम तीन बजे सरायअकिल के करन चौराहे के समीप बच्चों से भरी डॉ भीषम सिंह कुसुम इंटर कॉलेज की बस दिखाई दी। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठा देख एआरटीओ ने चालक को रुकने का इशारा किया। समाने अफसर देख ड्राइवर बस से कूदकर फरार हो गया। दरवाजा लॉक होने के कारण बच्चे घंटे भर तक बस में बंधक बने रहे। भूख-प्यास से बिलबिला रहे बच्चों को किसी तरह बाहर निकलवाकर दूसरे वाहन से उनके घरों को भेजा गया। इस बीच बुलवाने के बाद भी कॉलेज प्रबंधक मौके पर नहीं पहुंचे। इससे गुस्साए एआरटीओ ने बस का चालान कर प्रबंधक के खिलाफ नोटिस जारी कर दिया।
सिराथू क्षेत्र के बीएलओ हुए प्रशिक्षित
सिराथू (ब्यूरो)। तहसील सभागार में शुक्रवार को तहसीलदार अध्यक्षता में क्षेत्र के बीएलओ को विधानसभा व लोकसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य के लिए प्रशिक्षण दिया गया। इसमें तहसीलदार सिराथू बीडी गुप्ता ने मौजूद सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि 26 दिसम्बर से 31 जनवरी तक सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता पुनिरिक्षण का कार्य करेंगे। साथ ही बीएलओ घर घर जाकर रजिस्टर तैयार कर मकानों में गेरू से चिन्ह लगाएंगे। निर्देश दिया कि सभी बीएलओ आगामी 26 दिसम्बर को अपने-अपने बूथ में उपस्थित रहकर नाम जोड़ने व मतदाता सूची प्रकाशन का कार्य करें । इस अवसर पर राधेश्याम दूबे , विनोद कुमार, गोरेलाल मिश्रा व समस्त बीएलओ मौजूद रहे ।