जिला जेल में लगी लोक अदालत, छह बंदी रिहा
- नहीं आ रहे थे मुलाकाती और नहीं कोई कर रहा था मुकदमे की पैरवी
फोटो-
मंझनपुर (ब्यूरो)। जिला जेल में लोक अदालत लगाई गई। अदालत में जुर्म स्वीकार करने के आधार पर विभिन्न अपराधों में निरुद्ध छह बंदियों को रिहा कर दिया गया। रिहा किए गए इन बंदियो की पैरवी करने वाला कोई नहीं था।
प्रभारी जेल अधीक्षक बीएस मुकुंद ने बताया कि कारागार में कानपुर जिले के (कटरा) पनकी निवासी महावीर पुत्र भजन लाल, सैनी के रुकुनपुर निवासी पृथ्वीलाल पुत्र शिवराम, सरायअकिल के कनैली गांव का लवकुश सिंह उर्फ मल्हू पुत्र छेदीलाल सिंह, भखंदा निवासी प्रमोद सिंह उर्र्र्र्र्फ आकाश पुत्र नंदन सिंह, फतेहपुर जनपद के (धाता) प्रसिद्धपुर निवासी उमेश कुमार, पुत्र शिवप्रसाद नाई तथा बम्हरौली निवासी अर्जुन सिंह उर्फ अंटू पुत्र गंगा प्रसाद विभिन्न आरोपों में कई साल से बंद थे। इन बंदियों से कोई मुलाकात करने भी नहीं आता था। इसके चलते इनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की पैरवी भी नहीं हो रही थी। समस्या को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चंद्र विजय श्रीनेत के आदेश पर न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमित कुमार द्वारा जिला कारागार में लोक अदालत लगाई गई। अदालत ने बंदियों द्वारा कारागार में बिताई गई अवधि से दंडित करते हुए सभी छह बंदियों को रिहाई का आदेश दे दिया। प्रभारी जेल अधीक्षक ने गुरुवार को सभी बंदियों को मार्ग व्यय देकर कारागार से मुक्त कर दिया।
---------
पत्रकार की पुण्यतिथि पर गरीबों को बांटे कंबल
फोटो-
कड़ा (ब्यूरो)। पत्रकार अमरेश मिश्रा की तीसरी पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उनके घर-परिवार के साथ ही शुभचिंतकों ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें याद किया। इस मौके पर दारानगर स्थित आवास पर उनके छोटे भाई शैलेश मिश्र ने क्षेत्र के पांच सौ गरीब, विधवा, बेसहारा एवं विकलांगों को कंबल वितरित किया। साथ ही उनके योगदानों को याद किया गया।
-----------
हादसे में बाइक सवार जीजा-साली समेत तीन घायल
-शुक्रवार की सुबह सयांरा मोड़ के पास हुआ हादसा
फोटो-
अजुहा (ब्यूरो)। सैनी कोतवाली के सयांरा मोड़ के पास शुक्रवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार जीजा-साली समेत तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
सैनी के गिरधरपुर गांव का राजू पुत्र मेवालाल अपनी साली सरिता देवी व फुफेरे भाई हरीलाल निवासी मीरापुर के साथ कोखराज के मलाका गांव गया था। सुबह 10 बजे घर वापस लौटते समय रास्ते में सयांरा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे की खबर पर पीड़ित परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।