प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को मंगलवार से वर्चुअल शपथ दिलाकर उनको जिम्मेदारी सौंपने का सिलसिला शुरू हो गया है। पहले दिन आठों ब्लॉकों की 173 ग्राम पंचायतों में अफसरों ने जूम एप की मदद से प्रधान व सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई।
सभी ब्लॉकों में शपथ ग्रहण के दौरान डीएम और सीडीओ ने लिंक की मदद से कार्यक्रम को चेक भी किया। वहीं डीपीआरओ भी व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए शासन को सूचनाएं प्रेषित करने में जुट रहे। शपथ ग्रहण का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा। कोरम पूरा करने वाली 164 ग्राम पंचायतों में बुधवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम कराया जाएगा।
दो मई को मतगणना के बाद पंचायत चुनाव के नतीजे आ गए थे। लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण नव निर्वाचित प्रधानों एवं ग्राम पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम टाल दिया गया था। वित्तीय अधिकार नहीं मिलने से गांव की नई सरकार कोई काम नहीं कर पा रही थी।
इधर, संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ी तो शासन ने 25 व 26 मई को जूम एप की मदद से सदस्यों का कोरम पूरा करने वाली ग्राम पंचायतों में वर्चुअल शपथ दिलाने का कार्यक्रम तय किया। इसके तहत डीएम अमित कुमार सिंह ने जिले की 451 में 337 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व सदस्यों को अलग-अलग दिवसों पर शपथ दिलाने का कार्यक्रम निर्धारित किया।
इसी क्रम में मंगलवार को पहले दिन सुबह 11 बजे कौशाम्बी ब्लॉक में खंड विकास अधिकारी ने जूम एप के जरिए 23 प्रधानों व ग्राम पंचायत सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कड़ा ब्लॉक व मंझनपुर ब्लॉक के 20-20, मूरतगंज में 18 तथा नेवादा में 30 ग्राम पंचायतों के प्रधानों एवं सदस्यों को संबंधित खंड विकास अधिकारियों ने वर्चुअल शपथ दिलाई।
जबकि सिराथू ब्लॉक के 30, सरसवां के 23 तथा चायल विकास खंड के नौ ग्राम पंचायतों में प्रधानों एवं सदस्यों को संबंधित तहसीलदारों ने शपथ दिलाकर कार्यभार सौंपा। वर्चुअल माध्यम से महज पांच मिनट में ही कार्यक्रम पूरा हो गया। इसके बाद सभी प्रधान और सदस्यों से शपथ पत्र पर हस्ताक्षर या फिर अंगूठे से निशान लेकर उनको जमा करा लिया गया।
डीपीआरओ गापाल जी ओझा ने बताया कि अब शपथ के बाद पहली बैठक कराई जाएगी और फिर 27 को सभी प्रधान और सदस्यों के अभिलेख तथा शपथ पत्र मुख्यालय भेजे जाएंगे। बताया कि शेष 164 ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को बुधवार शपथ दिलाई जाएगी।
चायल में नौ ग्राम प्रधानों को दिलाई गई शपथ
विकास खंड चायल में निर्वाचित नौ ग्राम प्रधानों को मंगलवार को शपथ दिलाई गई। इसमें एडीओ पंचायत सहित सेक्रेटरी और अन्य लोग भी मौजूद रहे। शेष बची अन्य ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों को बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
एडीओ पंचायत आरके भारतीय ने बताया कि विकास खंड चायल में मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार दीक्षा पांडेय की मौजूदगी में गेरिया खालसा, शेखपुर रसूलपुर, निजामपुर पुरैनी, चिल्ला शहबाजी, चकबादशाह पुर, चौराडीह, शाना नीबी और फरीदपुर सुलेम सहित कुल नौ गांवों के नवनिर्वाचित प्रधानों को वर्चुअल शपथ दिलाई गई है। जबकि सिंहपुर गांव में सेक्रेटरी प्रीतम सिंह ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायतों को वर्चुअल शपथ दिलाई।
बताया कि बुधवार को बिलासपुर, जलालपुर शाना, कसेंदा, मोहम्मदपुर, बलीपुर टाटा, हरदुआ, रतगहा गांव के ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों को वर्चुअल शपथ दिलाई जाएगी।
इन गांवों के प्रधानों को शपथ के लिए करना होगा इंतजार
विकास खंड चायल की कुल नौ न्याय पंचायत के 28 ग्राम सभाओं के निर्वाचित ग्राम प्रधानों में से मंगलवार को नौ ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों को शपथ दिलाई गई। जबकि शेष बचे आठ ग्राम प्रधान बुधवार को शपथ लेंगे। लेकिन 11 ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधानों को अभी शपथ के लिए इंतजार करना पड़ेगा।
ग्राम पंचायत सदस्यों एक तिहाई का कोरम पूरा नहीं होने के कारण इन गांवों के प्रधानों को शपथ से वंचित किया गया है। एडीओ पंचायत आरके भारतीय ने बताया कि ग्राम पंचायतों में सदस्यों का चुनाव होने के बाद ही इन गांवो में सरकार गठित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विकास खंड के फतेहपुर सहावपुर, झपिया, उमरपुर नीवा, दानियलपुर, रसूलाबाद उर्फ कोइलहा, महमूदपुर मनौरी, मीरपुर, पहाड़पुर सुधवर, कमालपुर, चलौली गांवो में अभी ग्राम पंचायत सदस्यों का एक तिहाई कोरम पूरा नहीं है।
म्योहर ग्राम पंचायत में प्रधान व सदस्यों को दिलाई गई शपथ
कौशाम्बी ब्लॉक की म्योहर ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान और सदस्यों को सचिव रवि कुमार सिंह ने वर्चुअल शपथ दिलाई। कोविड-19 के प्रोटोकाल का पालन करते हुए प्राथमिक विद्यालय म्योहर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रधान पद के लिए विमला सिंह सिंगरौर व ग्राम पंचायत सदस्य पद पर गंगा देवी, रज्जन देवी, दिनेश जयसवाल, महेंद्र सिंह, राधा देवी, गुड़िया देवी, आशीष कुमार, तेरती देवी, अमर सिंह, राम लखन ,रणजीत प्रसाद, लोटन, रेखा देवी, रमेश चंद ने शपथ ग्रहण की।