मंझनपुर। नगर पालिका भरवारी में शामिल तीन सदस्यों की सदस्यता रद होने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष का सियासी समीकरण बदल गया है। इसी के चलते पिछले महीने अध्यक्ष अनामिका सिंह पटेल के खिलाफ अविश्वास व्यक्त करने वाले 22 सदस्यों ने बुधवार को एडीएम के सामने परेड की। पूर्व अध्यक्ष मधुपति की अगुवाई में सदस्यों ने अविश्वास पर चर्चा के लिए समय निर्धारित करने की मांग की।
कौशाम्बी की 29 सदस्यीय जिला पंचायत सदन के 25 सदस्यों ने मधुपति वाचस्पति की अगुवाई में सात मार्च को एडीएम से मिलकर अविश्वास व्यक्त किया था। उस वक्त अविश्वास जताने वाले अंबुज भारतीय, स्नेहा सरोज और संगीता चौधरी आदि सदस्य क्षेत्र नगर पालिका परिषद भरवारी में शामिल हो गए हैं। जिला प्रशासन ने इन सदस्यों की सदस्यता रद करने के लिए शासन को पत्र भेज दिया है। खतरे में आई तीन मेंबरों की सदस्यता के बाद जिला पंचायत सदन का सियासी समीकरण बदल गया। नतीजतन बुधवार को मधुपति वाचस्पति की अगुवाई में दोबारा 22 सदस्यों का हलफनामा सौंपा गया। एडीएम राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि सदस्यों की ओर से सौंपे गए हलफनामे को डीएम के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।