दंपति ने फर्जीवाड़ा कर बैनामा करा ली लाखों की भूमि
सरायअकिल इलाके का मामला, पति-पत्नी समेत तीन पर एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। इलाके के चुन्नी का पूरा गांव में रहने वाले एक व्यक्ति की भूमि का एक दंपति ने धोखाधड़ी करके अपने नाम बैनामा करा लिया। पीड़ित की शिकायत के बाद कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी दंपति सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चुन्नी का पूरा निवासी शीतला त्रिपाठी पुत्र माताबदल ने बताया कि गांव में उसकी करोड़ों की भूमि खाली पड़ी हुई थी। इसमें पड़ोसी जालसाज दंपति की काफी दिनों से नजर लगी थी। पीड़ित की मानें तो करीब छह महीने पहले फर्जी कागजात तैयार कराकर उसकी भूमि का अपने नाम बैनामा करा लिया। महीनेभर पूर्व तहसील पहुंचने पर पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत तभी स्थानीय पुलिस से की थी। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान होकर उसने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। शनिवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी दंपति व इनके बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपों की जांच कराई जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
-----
पति व बेटे के सामने महिला से दुष्कर्म की कोशिश
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में हुई थी घटना, पांच के खिलाफ केस
अमर उजाला ब्यूरो
सरायअकिल। इलाके के एक गांव में रहने वाली एक महिला से उसके पति व बेटे के सामने पड़ोसी दरिंदों ने दरिंदगी को प्रयास किया था। पति, बेटे की पिटाई भी की गई थी। मामले में कोर्ट के निर्देश पर पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है।
सरायअकिल कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि 14 अप्रैल 2019 को उसका बेटा बकरी चराने खतों की ओर जा रहा था। रास्ते में अपने घर के समीप पड़ोस के दबंगों ने उसे रोक लिया और रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। चीख-पुकार पर माता-पिता बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनकी भी लाठी-डंडे से पिटाई की गई। इसके बाद बेटे और पति के सामने महिला से दरिंदगी का प्रयास किया गया। शोर-शराबे पर जुटे ग्रामीणों ने दखल देकर किसी तरह मामला शांत कराया। पीड़िता का कहना है कि घटना की शिकायत तभी स्थानीय पुलिस से की गई थी। पर पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं किया। इससे परेशान पीड़ित महिला ने कोर्ट में अर्जी दाखिल कर दी। शनिवार को अदालत के निर्देश पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ पिटाई व सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। मामले में सरायअकिल इंस्पेक्टर मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।