बारा। कौशाम्बी ब्लॉक के नगरेहा कोठी में मंगलवार को सिंचाई बंधु की बैठक की गई। इसमें जोगापुर कैनाल का मामला उछला। बिजली की लाइन बिछाने के लिए पैसा जारी होने के बाद भी आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। इसके अलावा नहरों के टेल तक पानी नहीं पहुंचने का मामला सुर्खियों में रहा।
सिंचाई बंधु के अध्यक्ष शिव प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिंदुवार सिंचाई से जुड़े कार्यो की समीक्षा की गई। जोगापुर पंप कैनाल चालू नहीं होने के मुद्दे पर बताया गया कि बिजली विभाग को टेवां से 133 केवीए की नई लाइन बिछाने के लिए 326 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। मई तक लाइन का काम पूरा हो जाना चाहिए था। 32 किलोमीटर तार खींचा जाना था। इसके बाद भी अब तक महज दस किलोमीटर लाइन खींची जा सकी है। जबकि पंप पूरी तरह से तैयार है। इसकी टेस्टिंग भी हो चुकी है। पंप से 1822 हेक्टेयर खेतों को सिंचित करना है। नहरों के टेल तक पानी नहीं पहुंचने, नहरों की कटिंग, रोस्टर के अनुसार पानी छोड़े जाने की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। नलकूपों के हालात और बंद पड़े ट्यूबेल चालू किए जाने को लेकर भी विचार विमर्श किया गया। बैठक में सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता आरके निरंजन, जेई आशीष कुमार, लालसिंह, राकेश चंद्र, एमएलसी के प्रतिनिधि बुधराम यादव, राहुल मिश्र, चंद्रशेखर सिंह, चरन सिंह आदि सदस्य मौजूद रहे।