मंझनपुर। छात्राओं के साथ-साथ कामकाजी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। वह बिना किसी हिचक के वे कालेज या कार्यालय आ जा सकती हैं। महिलाओं को छेड़खानी और फब्तियों से निजात दिलाने के लिए गठित एंटी रोमियो दल को विशेष प्रशिक्षण देकर क्षेत्र में सक्रिय कर दिया गया है। मंगलवार को एसपी प्रदीप गुप्ता ने पुलिस आफिस से दल को रवाना कर दिया।
जिले ंमें कई प्रमुख बाजार व दो दर्जन से ज्यादा छात्राओं के प्रतिष्ठित कॉलेज हैं। यहां आने वाली छात्राओं को अक्सर छेड़खानी का सामना करना पड़ता है। पिछले साल पिपरी इलाके में एक छात्रा छेड़खानी से तंग आकर खुदकुशी कर ली थी। एक और मामला इसी तरह का सामने आया था। प्रदेश सरकार ने ऐसी ही घटनाओं से निपटने के लिए एंटी रोमियो टीम का गठन किया था। टीम जिले में भी थी, लेकिन किसी कारणों से सक्रिय नहीं किया जा सका था। अब एंटी रोमियो दल को गाड़ी मिल गई है। एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि टीम में दो महिला आरक्षी के अलावा तीन पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं। इन्हें मौके पर पहुंचने के लिए एक चार पहिया गाड़ी दी गई है। यह टीम सादी वर्दी में भीड़ वाले इलाके या फिर कालेजों के पास सक्रिय रहेगी। जहां भी मनचले नजर आएंगे उनको पकड़ा जाएगा।