मूरतगंज। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के पैगंबरपुर गांव में गुरुवार रात रंजिश के चलते दबंगों ने एक परिवार के पांच सदस्यों की पिटाई कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर ली है।
पैगंबरपुर निवासी अर्जुन प्रसाद ने बताया कि पड़ोस के दबंगों से उसकी रंजिश चल रही है। इसी के चलते वे आए दिन गाली-गलौच करते हैं। विरोध करने पर झगड़ा करने पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित के मुताबिक गुरुवार रात भी दबंग गाली-गलौच कर रहे थे। ऐतराज जताने पर पिटाई शुरू कर दी। अर्जुन को पिटता देख उसके परिवार की ननकई देवी, शीला, पिंकी व भवानी आदि बीच-बचाव करने पहुंचीं तो इनको भी पीटा गया। चीख-पुकार पर जुटे ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया। पुलिस ने घायलों को मूरतगंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले में पूरामुफ्ती इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।