मवेशी काटने के विरोध में दो पक्ष भिड़े, तनाव
पुलिस ने पंचायत कराते हुए सभी लोगों को कराया शांत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। कस्बे में बृहस्पतिवार रात भैंसा काटने के विरोध में दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। तीखी झड़प के साथ हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उग्र लोगों को शांत कराया। शुक्रवार को एसडीएम के साथ कोतवाल ने दोनों पक्षों में सुलह करा दी।
मंझनपुर कस्बे का एक व्यक्ति स्लाटर हाउस के लाइसेंस पर भैंसा काटने का काम करता है। बृहस्पतिवार को वह घर में भैंसा काट रहा था। इसकी जानकारी पड़ोसी को हुई तो उसने विरोध किया। दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प के साथ विवाद शुरू हो गया। हंगामा देख मौके पर लोगों का मजमा जमा हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उग्र लोगों को समझाते हुए शांत कराया। इसी दौरान सियासत भी शुरू हो गई। घर में घुसकर मारपीट का आरोप लगाते हुए फिर दोनों पक्षों के लोग आग बबूला हो गया। शुक्रवार की सुबह कोतवाली में दोनों पक्षों के लोग बुलाए गए। एसडीएम सदर विवेक चतुर्वेदी के साथ कोतवाल धनंजय वर्मा ने पंचायत करते हुए मामला शांत कराया। कोतवाल ने बताया कि जिस व्यक्ति पर भैंसा काटने का आरोप लगाया है वह लाइसेंस धारी है। भैंसा काटने का परमीशन स्लाटर हाउस है पर वह घर में काट रहा था। दोबारा ऐसा नहीं करने की हिदायत संबंधित व्यक्ति को दी गई है।