घर में घुसकर तोड़फोड़, लूटपाट और आगजनी में 107 लोगों पर मुकदमा
-मोहीउद्दीनपुर गौस के तिहरे हत्याकांड में कोर्ट के आदेश पर तीन माह बाद दर्ज हुआ मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। संदीपनघाट कोतवाली के मोहीउद्दीनपुर गौस में तीन माह पहले हुए तिहरे हत्याकांड मामले में रविवार की रात पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार अलग-अलग तहरीर पर 17 नामजद और 90 अज्ञात समेत 107 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।
मोहीउद्दीनपुर गौस गांव के पंडा चौराहे पर 15 सितंबर 2023 की रात भूमि विवाद में होरीलाल पासी उसके दामाद शिवसरन व बेटी बृजकली की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तिहरे हत्याकांड से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस्ती में जमकर तांडव किया था। कई घरों में घुसकर मारपीट,तोड़फाड़, लूटपाट व आगजनी की गई थी। घटना में मृतक के बेटे सुभाष पासी की तहरीर पर पुलिस ने उसी वक्त मुकदमा दर्ज कर लिया था। मुकदमे के नामजद आठों आरोपियों एवं विवेचना के दौरान प्रकाश में आए तीन अन्य लोगों समेत पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दूसरे पक्ष की तहरीर के बावजूद कार्रवाई नहीं की। आला अफसरों से फरियाद के बावजूद इंसाफ नहीं मिलता देख संगीता देवी पत्नी चरन सिंह, सरोजा देवी पत्नी अयोध्या प्रसाद, लालमति देवी पत्नी राजबहादुर व मंजूषा देवी पत्नी जयकरन यादव निवासी हथियाभीट, संदीपनघाट समेत चार पीड़िताओं ने सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश व पीड़िताओं की तहरीर पर रविवार की रात कोतवाली पुलिस ने 17 नामजद व 90 अज्ञात समेत 107 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी भुवनेश चौबे ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर घटनाओं की छानबीन की जा रही है।
-
मुकदमे में इन्हें बनाया नामजद आरोपी
मुन्नीलाल पासी उसके भाई सुभाष, दिलीप, सुरेंद्र के साथ ही रामनरेश उसके भाई रामभवन व संतदास के अलावा गांव के किशनलाल, कल्लू, इंदर,बांकेलाल, गुड्डू, मुन्ना, पंडित, वीरेंद्र, मुकेश आदि नामजद आरोपी बनाए गए हैं।