इलाके के एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम टूरिस्ट वीजा थमाकर एजेंट ने डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। ओमान पहुंचने के बाद वीजा अवधि समाप्त हुई और युवक पर जुर्माना लगने लगा तब उसे जानकारी हुई।
इलाके के एक युवक को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम टूरिस्ट वीजा थमाकर एजेंट ने डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। ओमान पहुंचने के बाद वीजा अवधि समाप्त हुई और युवक पर जुर्माना लगने लगा तब उसे जानकारी हुई। पीड़ित युवक की मां ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
विज्ञापन
जमदुआ गांव की रामपति पत्नी राम प्रताप ने बताया कि पांच माह पहले करारी कस्बे के एक युवक ने उसके बेटे को ओमान में नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया। वह जालसाज के झांसे में आ गई। उसने बेटे अजय कुमार का पासपोर्ट जालसाज को सौंप दिया और 1.10 लाख रुपये भी दे दिए। इसके बाद जालसाज ने 19 हजार रुपये टिकट के लिए लिया और टूरिस्ट वीजा पर उसे ओमान भेज दिया।
युवक जब ओमान पहुंचा तो उसे मालूम हुआ कि उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। वीजा अवधि पूरी होने के बाद युवक पर जुर्माना लगने लगा। युवक ने जब परिवार वालों को अपनी परेशानी बताई तो उनके होश उड़ गए। परिवार वालों ने आरोपी एजेंट से मिलकर बेटे को बुलाने की गुहार लगाई तो जालसाज ने पुन: 19 हजार रुपये टिकट के ऐंठ लिए। इसके बाद भी उसे नहीं बुलाया। मामले की शिकायत करारी पुलिस से की गई है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।