फोटो 20 - सहावर तहसील में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते लेखपाल। स्रोत : संगठन
कासगंज /सहावर। अयोध्या जिले की तहसील सोहावल के लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में लेखपाल संघ ने मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कासगंज, सहावर और पटियाली तहसील में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। संघ ने मुख्यमंत्री से प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई के विरोध में 22 अगस्त को कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष दीपक भारद्वाज ने कहा कि 20 अगस्त को तहसील सोहावल में लेखपाल उत्कर्षदीप पंचायत भवन में बैठकर सरकारी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान एसीओ अयोध्या की टीम ने उनके खिलाफ ट्रैप कार्रवाई की। संघ का आरोप है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज में लेखपाल के रिश्वत लेने से संबंधित कोई स्थिति दिखाई नहीं देती, बल्कि उनके हाथ में जबरन रुपये पकड़ाए जाने की स्थिति नजर आती है।
संघ की मांग है कि उत्कर्षदीप प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि मांगों के समर्थन में 22 अगस्त को कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान जिला मंत्री आदित्य गौतम, तहसील अध्यक्ष पंकज यादव, सचिव वीरेंद्र सिंह, अनुराधा दीक्षित, सरिता यादव, मनेंद्र सिंह, जिकरुल हसन सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।