फोटो33सहावर के गांव मोहनगढ़ में युवककी मौत के बारे में जानकारी करतीं सीओ शाहिदा नसरीन। संवाद
सहावर। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहनगढ़ में सोमवार दोपहर एक युवक का शव उसके घर पर फंदे से लटका मिला। उसकी पत्नी दो दिन पहले अपनी बेटी के साथ मायके चली गई थी। बड़े भाई के खेत से लौटने पर इस घटना की जानकारी हुई।
गांव मोहनगढ़ निवासी सतीश (44) पुत्र प्रेमराज का शव दोपहर करीब 2:30 बजे कमरे में कुंदे से साड़ी के फंदे पर लटका पाया गया। बड़े भाई कप्तान सिंह ने खेत से लौटकर यह देखा तो उनकी चीख निकल गई। उनकी आवाज सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे।
किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजन ने लोगों की मदद से शव को फंदे से उतारा। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए हैं।
सहावर सीओ शाहिदा नसरीन ने गांव पहुंचकर परिजन और पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने पुष्टि की कि दो दिन पहले मृतक युवक और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
नशे का आदी था मृतक
भाई कप्तान सिंह ने बताया कि सतीश नशे का आदी था। नशे के विरोध में दो दिन पहले सतीश और उसकी पत्नी शारदा देवी के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद शारदा देवी अपनी बेटी अंजली (15) को लेकर अपने मायके गांव हेमदपुर, थाना दादों, जिला अलीगढ़ चली गई थी। सतीश ने फोन करके पत्नी को घर आने के लिए कहा था, लेकिन उसने आने से मना कर दिया था।