फोटो 01 कासगंज जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की वैक्सीन लगवाती महिला।स्रोत: संवाद
कासगंज। अलीगढ़ में कासगंज के दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद जिले का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। बढ़ते संक्रमण के खतरे को भांपते हुए जिला अस्पताल में बचाव के लिए वैक्सीनेशन अभियान का आगाज कर दिया गया है। मंगलवार को अस्पताल में पांच फ्रंटलाइन वर्करों और पांच अस्थमा पीड़ित मरीजों को स्वाइन फ्लू की वैक्सीन लगाई गई।
स्वास्थ्य विभाग संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील यानी हाई रिस्क श्रेणी के लोगों को प्राथमिकता दे रहा है। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना के अनुसार, अस्थमा, डायलिसिस, उच्च रक्तचाप और शुगर से पीड़ित मरीजों के अलावा गंभीर रोगों से ग्रस्त लोगों में संक्रमण का खतरा सबसे ज्यादा होता है। जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य संबंधी बड़ी जटिलताओं को बुलावा दे सकती है।
संक्रमण की रोकथाम के लिए विभाग ने निगरानी और बचाव संबंधी गतिविधियां तेज कर दी हैं। साथ ही आमजन से भीड़भाड़ वाले इलाकों से बचने, हाथों की नियमित सफाई करने और फ्लू के लक्षणों को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है। बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में दिक्कत महसूस होते ही तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
-
इन्हें विशेष सावधानी की जरूरत
-अस्थमा से पीड़ित मरीज
-डायलिसिस कराने वाले मरीज
-बीपी के मरीज
-शुगर से पीड़ित लोग
-फ्रंटलाइन वर्कर
फोटो 01 कासगंज जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू की वैक्सीन लगवाती महिला।स्रोत: संवाद