गंजडुंडवारा। गांव बरा में रविवार रात जमीन का पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ट्यूबवेल के पानी के लिए कहासुनी होने पर चाचा ने भतीजे के पेट में गोली मार दी। युवक को हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव बरा निवासी अखिलेश (30) पुत्र चरण सिंह की रविवार रात करीब नौ बजे ट्यूबवेल से पानी लगाने की बात पर अपने चाचा सर्वेश से कहासुनी हो गई। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक जमीन पर विवाद चल रहा था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान चाचा ने युवक के पेट में गोली मार दी। इसके बाद मौके से भाग निकला। गोली आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। बेहतर इलाज के लिए उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि गोली पेट के आर-पार निकल गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पारिवारिक जमीन पर पानी की निकासी को लेकर विवाद चल रहा है। युवक ने चाचा पर गोली मारने का आरोप लगाया है। युवक की हालत खतरे से बाहर है। मामले में तहरीर मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।