कासगंज। जिले में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शुरुआती दो दिन आसमान साफ रहने से तापमान में इजाफा होगा। हल्के बादल छा सकते हैं। बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम के इस बदलाव के बीच तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से 1 से 2 डिग्री कम होगा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सापेक्ष आर्द्रता 72 से 79 प्रतिशत अधिकतम और 48 से 51 प्रतिशत न्यूनतम रहने की संभावना है। हवा दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पूर्व दिशा से 10 से 13 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चलेगी।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों और सब्जियों में हल्की सिंचाई कर खेतों में पर्याप्त नमी बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही दोपहर के समय तेज धूप से बचने, खेत में काम करते समय सिर ढंककर रखने और पानी साथ रखने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि खड़ी फसलों की नियमित निगरानी जरूरी है, जबकि मड़ाई की गई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखना चाहिए ताकि किसी प्रकार का नुकसान न हो। गर्मी के बीच पशुओं की देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्हें दिन में 3 से 4 बार पानी पिलाने और सुबह-शाम नहलाने की सलाह दी गई है।
मोहनपुरा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. आकाश ने मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। कीटनाशी, रोगनाशी और खरपतवार नाशी रसायनों के प्रयोग में सावधानी बरतें। छिड़काव हमेशा हवा की विपरीत दिशा में न करें और संभव हो तो इसे शाम के समय करें। छिड़काव के बाद हाथों की अच्छी तरह सफाई करना जरूरी है।