64 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग कराएगा काम
-सड़क का निर्माण होने से स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। सदर विधानसभा क्षेत्र के गांव नीवरी से बाधारी खुर्द तक जर्जर सड़क को बनवाने के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। लंबे समय से खराब हालत में पड़ी इस सड़क का 64 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग निर्माण कराएगा। सड़क का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
गांव नीवरी से बाधारी खुर्द की ओर जाने वाली सड़क काफी समय से जर्जर हालत में है। सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें होती हैं। ग्रामीण विजेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो गया है। गड्ढों में पहिया फंसने पर अक्सर वाहन अनियंत्रित होकर पलट जाते हैं। इससे लोग चोटिल हो जाते हैं। सड़क को बनवाने के लिए सदर विधायक से मांग की गई थी।
पीडब्ल्यूडी ने 64 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। सड़क निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा। एक्सईएन नंद किशोर ने बताया कि नीवरी-बाधारी खुर्द की ओर जाने वाली जर्जर सड़क को बनवाने के लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य किया जाएगा।