संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। विकासखंड अमांपुर की न्याय पंचायत करसाना की खेलकूद प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। प्राथमिक बालिका वर्ग में महदवा की स्वाति, जूनियर बालिका वर्ग में नगला संतरी की अंजलि और जूनियर बालक वर्ग में नगला संतरी के टुकसन ने शानदार प्रदर्शन कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता का आयोजन नासिर भट्टी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करसाना के खेल मैदान में किया गया। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों ने मां शारदे की वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों में दौड़, लंबी कूद और कबड्डी की प्रतियोगिताएं हुईं। विजेता प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
प्राथमिक बालक वर्ग की 50 और 200 मीटर दौड़ में महदवा के बादल प्रथम रहे, जबकि 100 मीटर दौड़ में करसाना के शरमन ने बाजी मारी। प्राथमिक बालिका वर्ग की 50 और 100 मीटर दौड़ में करसाना की शिफा प्रथम रहीं, जबकि 200 मीटर दौड़ और लंबी कूद में महदवा की स्वाति ने पहला स्थान हासिल किया।
प्राथमिक बालक और बालिका वर्ग की कबड्डी में करसाना की टीमों ने जीत दर्ज की। जूनियर बालक वर्ग में नगला संतरी और जूनियर बालिका वर्ग में नगला संतरी की टीम विजेता रही। इस अवसर पर ब्लॉक पीटीआई मुनेश राजपूत, नरेंद्र वर्मा, एआरपी धर्मेंद्र कुमार, नोडल पूनम राजपूत सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।