सहावर में दो पक्षों के विवाद में होता पथराव। स्त्रोत : वीडियो ग्रैब
सहावर। मोहल्ला कुरैशी में बुधवार को पुरानी रंजिश और दुकान में तोड़फोड़ के मामले में दो पक्षों में विवाद हो गया। जमकर लाठी-डंडे चले। तमंचों से फायरिंग की गई। छतों से पथराव किया गया। घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 5 नामजद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मोहल्ला कुरैशी निवासी साहिबे आलम पुत्र मुन्ने ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 अगस्त को दोपहर करीब 3:30 बजे उजैफ और जुनैद उसकी दुकान में जबरन घुस आए और तोड़फोड़ की। इसके बाद मोहल्ले के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों के बीच बैठकर फैसला करा दिया।
आरोप है कि समझौता होने के बाद दूसरे पक्ष से आरोपी बहार मियां और उसके बेटों फैजान, तौसीफ, जुनैद और उजैफ ने उनकी दुकान पर फिर हमला बोल दिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन्हें पीटा। चीख-पुकार सुनकर जब उनके पिता मुन्ने को बचाने पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
चीख-पुकार सुनकर जब मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर शुक्रवार को आरोपी वहार मियां, फैजान, तौसीफ, जुनैद और उजैफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
घटना के दौरान फायरिंग, पथराव के वीडियो वायरल
दोनों पक्षों के बीच विवाद की घटना से जुड़े वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इन वीडियो में विवाद के दौरान दिनदहाड़े खुलेआम फायरिंग होती दिख रही है। वहीं, छतों से पथराव किया जा रहा है। दोनों पक्षों के लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
वर्जन
दो परिवार की महिलाओं के बीच विवाद हो गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। -दुर्गेंश कुमार मिश्र, सीओ सहावर