कासगंज। अमांपुर कस्बा में कासगंज रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर पर करने वाले एक नौकर पर दुकान के गल्ले से 50,000 की नकदी साफ करने का आरोप लगा है। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मेडिकल स्टोर संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव जखा निवासी विकास कुमार का कासगंज रोड पर एक मेडिकल स्टोर है। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 14 मई को वह अपनी परीक्षा देने के लिए बाहर गए हुए ते। उनकी अनुपस्थिति में दुकान की जिम्मेदारी संभालने के लिए ग्राम जखा का ही निवासी सोनू मौजूद था, जो पिछले दो महीने से उसके मेडिकल स्टोर पर बतौर नौकर काम कर रहा था। उनका आरोप है कि मालिक को दुकान पर न पाकर नौकर की नीयत डोल गई और उसने मौका पाते ही गुल्लक में रखी 50,000 की नकदी निकाल ली और दुकान से चला गया।
जब दुकान स्वामी वापस लौटा और नकदी गायब देखी तो उसके होश उड़ गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो नौकर सोनू की करतूत पकड़ी गई। आरोप है कि वीडियो में वह गुल्लक से रुपये निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने अमांपुर थाना पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक ने शिकायत की है। दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।