उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान होना है। इस प्रक्रिया को देखते हुए आगरा जिले के नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में 23 अक्टूबर को विशेष अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह छुट्टी जिले के सभी परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा सीबीएसई व आईसीएससी बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर लागू होगी। प्रशासन ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्राधानाचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मतदान समाप्त होने तक बंद रहेंगे अधिग्रहीत स्कूल और कार्यालय
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिग्रहीत किए गए कार्यालयों और विद्यालयों का संचालन पूरी तरह बंद रखने का आदेश जारी किया है। डीएम ने बताया कि इन मतदेय स्थल भवनों का औपचारिक अधिग्रहण आदेश पहले ही 14 अक्तूबर को जारी किया जा चुका है। स्पष्ट किया है कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की बाधा से बचने और सुगम मतदान सुनिश्चित करने के लिए यह पाबंदी लागू की गई है।
मतदान के कारण स्कूलों में अवकाश
कासगंज में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को जिले के सभी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास कुमार सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई सहित अन्य बोर्डों के विद्यालय बंद रहेंगे। संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
फिरोजाबाद में भी स्कूलों की छुट्टी
फिरोजाबाद में एमएलसी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के मतदान के चलते 23 अक्तूबर को जिले में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ ही अन्य बोर्ड से संचालित स्कूलों पर भी लागू होगा। प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
23 को रहेगा आकस्मिक अवकाश
मैनपुरी में विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के लिए 23 अक्तूबर को मतदान होगा। चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले के सभी कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं और जो स्नातक तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से होने वाले चुनाव में बोनाफाइड मतदाता हैं। मताधिकार के प्रयोग के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश प्रदान किया गया है। इसके साथ ही जिले में 12वीं तक के स्कूलों में भी अवकाश घोषित किया गया है।
एटा में 12वीं तक के विद्यालय रहेंगे बंद
एमएलसी चुनाव के चलते शुक्रवार को स्कूलों का अवकाश घोषित किया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत ने बताया कि नर्सरी से 12वीं तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक, सहायता प्राप्त विद्यालयों का विशेष अवकाश घोषित किया गया है।