फोटो26पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण रिहर्सल में पुलिस कर्मियों को जानकारी देते एसपी ओम प्रकाश
कासगंज। रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ अभ्यास किया गया। पुलिस अधीक्षक ने दंगारोधी उपकरणों के प्रयोग और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आंसू गैस के गोले भी दागे गए। पुलिसकर्मियों ने अभ्यास में बलवा ड्रिल करते हुए एंटी राइट गन और टियर गैस गन चलाने का अभ्यास किया।
पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने उपकरणों की नियमित साफ-सफाई और समुचित रखरखाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी और थाना प्रभारी के वाहन में दंगारोधी उपकरण होने चाहिए। किसी घटनास्थल पर पहुंचने से पहले इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह अभ्यास आगामी त्योहारों और शोभायात्राओं के लिए कराया गया है। इसका उद्देश्य दंगा नियंत्रण में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचना है। इस अभ्यास में एएसपी सुशील कुमार, सीओ आंचल चौहान, सीओ संदीप वर्मा और सीओ यातायात अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।