कासगंज। मौसम बदलते ही जिले में त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। इसके अलावा सर्दी-जुकाम, बुखार और वायरल के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। जिले में रविवार को 36 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित किया गया। इस दौरान 852 मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया। इनमें सबसे ज्यादा 185 मरीज त्वचा रोग के रहे।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवसरा में 85 मरीज पहुंचे। मेले में डॉ. शुभम मंगल और आयुष चिकित्सक डॉ. दुर्गेश, डॉ. डिंपल वर्मा ने मरीजों का उपचार किया। इस दौरान बुखार के दो, सांस के आठ, हाई ब्लड प्रेशर के तीन, शुगर के चार, त्वचा के 15, पेट संबंधी रोग के तीन और 28 आयुष मरीज ने पहुंचकर उपचार कराया। मेले में फार्मासिस्ट मोहम्मद तसलीम, एएनएम शिल्पी यादव, शिवानी जैन, सपोर्ट स्टाफ कन्हैया लाल और रवेंद्र आदि मौजूद रहे।
इस दाैरान 119 मरीज बुखार के आए। इनमें 33 मरीजों में मलेरिया, नौ मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले। जांच में किसी के भी पॉजिटिव होने की पुष्टि नहीं हुई। पेट संबंधी समस्या से जुड़े 92 मरीज पहुंचे। शेष मरीज अन्य बीमारियों के रहे। मरीजों की शुगर, बीपी सहित अन्य जांच की गई।
इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महमूदपुर पुख्ता, पावल ढेरा, बाज नगर, गंगागढ़, रेखपुर, नमैनी, नीमरी, मोहनपुरा, नरदौली, म्यासुर, नगला गुलरिया, कोधा, वीनपुर कलां, सूरतपुर, सैलई सहित अन्य 35 ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर भी आरोग्य मेले का आयोजन किया गया।