सिढ़पुरा। गांव दहेली बुजुर्ग निवासी पेट्रोल पंप संचालक दीपक उपाध्याय मंगलवार सुबह घर से निकलने के बाद संदिग्ध हालात में लापता हो गए। पेट्रोल पंप से 20 हजार रुपये लेने के बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। मोबाइल फोन बंद होने से परिजन की चिंता बढ़ गई है। परिजन ने रुपये के लिए अपहरण किए जाने की आशंका जताते हुए सिढ़पुरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दीपक उपाध्याय के पिता राधेश्याम उपाध्याय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र दो पेट्रोल पंपों का संचालन करता है। मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे वह घर से स्कूटी से बढ़ापुर सरोठ थाना जसरथपुर जिला एटा स्थित नायरा पेट्रोल पंप के लिए निकले थे। परिजन के अनुसार दीपक करीब 10 से 11 बजे के बीच पेट्रोल पंप पहुवे थे। वहां सेल्समैन मनोज शर्मा से उसने 20 हजार रुपये लिए और इसके बाद पंप से निकल गए।
शाम तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने उनकी तलाश शुरू की। सेल्समैन से जानकारी लेने पर पता चला कि वे पंप पर आए थे और 20 हजार रुपये लेकर वहां से चले गए। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।
दीपक की बहन अनुपम, पत्नी ललित कुमार भारद्वाज निवासी बुलंदशहर ने बताया कि उनका भाई से पंप से रुपये लेने के बाद से संपर्क नहीं हो पा रहा है। परिजन ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उनकी तलाश कराने की मांग की है।
दीपक के पिता राधेश्याम उपाध्याय सेवानिवृत्त पुलिस उपनिरीक्षक हैं। उन्होंने बुधवार को सिढ़पुरा थाने में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस लापता पेट्रोल पंप संचालक की तलाश में जुटी है।
वर्जन
जांच में घटनास्थल एटा जिले का मिला है इसलिए मामले में कार्रवाई उसी थाना क्षेत्र पुलिस की ओर से की जाएगी। - अमित कुमार, सीओ पटियाली