कासगंज। बदलते मौसम के बीच जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को यहां 1825 मरीज पहुंचे। इसी बीच एक 15 वर्षीय किशोर में डेंगू की पुष्टि होने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिले में इस सीजन का यह दूसरा डेंगू मामला सामने आया है। वहीं ओपीडी में बुखार और सांस संबंधी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या भी अधिक रही।
गांव नरई बैहटा निवासी अंशुल (15) को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर जांच के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। लक्षणों के आधार पर चिकित्सक ने डेंगू की जांच कराने की सलाह दी जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल के मलेरिया-डेंगू वार्ड में भर्ती कर लिया गया। यह इस सीजन का जिले में दूसरा पुष्ट मामला है।
ओपीडी में बुखार की शिकायत लेकर 389 मरीज पहुंचे, जिनमें 12 वर्ष से अधिक उम्र के 241 और 12 वर्ष से कम उम्र के 148 मरीज शामिल थे। वहीं सांस संबंधी परेशानी के 280 मरीजों ने भी उपचार कराया, जिनमें से 191 मरीज 12 वर्ष से अधिक और 89 मरीज इससे कम उम्र के थे।
मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल बुखार और सांस संबंधी संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों का कहना है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर स्वयं दवा लेने के बजाय जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह लें।
-
चार में मलेरिया की पुष्टि
जिला अस्पताल में बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे मरीजों में 157 की मलेरिया जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में चार मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में इस साल अब तक मलेरिया मरीजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है।
-
वर्जन
जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद मरीज को वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। इस समय मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, इसलिए सावधानी आवश्यक है।
— डॉ. संजीव सक्सेना, सीएमएस
फोटो 06 कासगंज जिला अस्पताल में लगी मरीजों की भीड। स्रोत: संवाद